
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) के शेयर 31 दिसंबर को दिन में करीब 3 प्रतिशत तक चढ़ गए। BSE पर शेयर ने 11198 रुपये का हाई देखा। इसकी अहम वजह है कि ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली ने स्टॉक के लिए रेटिंग अपग्रेड की है और टारगेट प्राइस 66 प्रतिशत बढ़ा दिया है। मॉर्गन स्टेनली ने MCX के शेयरों के लिए एक बुलिश नोट जारी किया। स्टॉक के लिए रेटिंग को बढ़ाकर ‘इक्वल-वेट’ कर दिया है।
वहीं टारगेट प्राइस को 6710 रुपये प्रति शेयर से बढ़ाकर 11135 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। इस टारगेट को शेयर ने बुधवार के ट्रेडिंग सेशन में क्रॉस कर लिया। इंटरनेशनल ब्रोकरेज ने अपने नोट में कहा है कि पिछले 3 महीनों में कमोडिटीज की कीमतों में तेज उछाल के कारण MCX के औसत दैनिक ट्रांजेक्शन रेवेन्यू में बढ़ोतरी हुई है। ब्रोकरेज का मानना है कि यह मोमेंटम जल्द खत्म होने वाला नहीं है।
मॉर्गन स्टेनली ने MCX को लेकर EPS (अर्निंग्स प्रति शेयर) अनुमानों को FY26 के लिए 15 प्रतिशत, FY27 के लिए 20 प्रतिशत और FY28 के लिए 24 प्रतिशत बढ़ाया है। मौजूदा कीमतों पर स्टॉक FY27 के अनुमानित EPS के लगभग 50 गुना और FY28 की अनुमानित कमाई के 47.5 गुना पर ट्रेड कर रहा है। मॉर्गन स्टेनली ने कहा है कि अगर रोजाना का औसत ट्रांजेक्शन रेवेन्यू FY27-FY28 तक 10.4 करोड़ रुपये पर बना रहता है, तो स्टॉक अपनी कमाई के मुकाबले लगभग 35 गुना पर ट्रेड करेगा। यह इसकी लॉन्ग-टर्म औसत वैल्यूएशन से 5 प्रतिशत ज्यादा है।
एक साल में MCX का शेयर 78 प्रतिशत मजबूत
MCX का मार्केट कैप 56700 करोड़ रुपये हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर 2 साल में लगभग 250 प्रतिशत और एक साल में 78 प्रतिशत चढ़ा है। 3 महीनों में यह 43 प्रतिशत की तेजी देख चुका है। कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 99.81 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। MCX के स्टॉक को ट्रैक करने वाले 12 एनालिस्ट्स में से 6 ने ‘बाय’ रेटिंग दी है, 5 ने ‘होल्ड’ और एक ने ‘सेल’ रेटिंग दी है। MCX का स्टॉक, स्प्लिट होने वाला है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 2 जनवरी 2026 है। कंपनी का 10 रुपये फेस वैल्यू वाला एक शेयर 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 5 शेयरों में टूट जाएगा।
कंपनी की वित्तीय सेहत
जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 351.61 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 156.43 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2025 में रेवेन्यू 1011.58 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 414.78 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।