
Wall street : अमेरिकी बाजार कल गिरावट के साथ बंद हुए। मुनाफावसूली के कारण अमेरिका में गिरावट आई। इससे साल के आखिरी हफ़्ते की शुरुआत धीमी रही। बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में पिछले हफ़्ते की बढ़त के बाद गिरावट आई। इस तेजी ने S&P 500 इंडेक्स को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा दिया था। इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी सेक्टर ने S&P 500 पर दबाव डाला। ज़्यादातर टेक और AI से जुड़े शेयरों में गिरावट आई। Nvidia 1.2 फीसदी गिरा और Palantir Technologies 2.4 फीसदी गिरा। कारोबार के अंत में कल S&P 500 इंडेक्स 24.20 अंक, यानी 0.35 फीसदी गिरकर 6,905.74 पर बंद हुआ और Nasdaq Composite 118.75 अंक यानी 0.50 फीसदी गिरकर 23,474.35 पर बंद हुआ। डाओ जोन्स 249.04 अंक यानी 0.51फीसदी गिरकर 48,461.93 पर बंद हुआ।
मेटल्स की चमक घटी
इस बीच मेटल्स की चमक घटी है। सोना-चांदी समेत सभी मेटल्स में गिरावट देखने को मिली है। सोने का भाव रिकॉर्ड हाई से 200 डॉलर टूटा है। वहीं, चांदी का भाव रिकॉर्ड हाई से 9 डॉलर गिरा है। चांदी रिकॉर्ड हाई से 10 फीसदी से ज्यादा गिरी है। प्लैटिनम और पैलेडियम में भी 16 फीसदी की गिरावट आई है। रिकॉर्ड हाई से कॉपर का भाव 4 फीसदी गिरा है। पैलेडियम 2020 के बाद एक दिन में सबसे ज्यादा गिरा है। 2 महीनों के बाद सोने में इतनी बड़ी गिरावट आई है। चांदी में भी सितंबर 2020 के बाद इतनी बड़ी गिरावट देखने को मिली है।
पुतिन के घर पर हमला?
रूस ने कहा है कि पुतिन के घर पर हमल किया गया है। यूक्रेन ने ड्रोन से घर पर हमला किया है। हमले के लिए 91 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। व्लादिमीर पुतिन का घर
नोवगोरोड क्षेत्र में है। हमले के बाद पुतिन यूक्रेन पर भड़क गए हैं। हमले के बाद पुतिन ने ट्रंप से बात की है। ट्रंप को यूक्रेन के हमले की जानकारी दी गई है। रूस ने यह भी कहा है कि बातचीत की स्थिति में बदलाव होगा।
हमले पर यूक्रेन ने कहा है कि पुतिन के घर पर हमले का आरोप गलत है। रूस हमले की बात कर झूठ बोल रहा है। यूक्रेन ने यह भी कहा कि अब रूस उसके सरकारी इमारतों पर हमला कर सकता है। इस बीच ट्रंप ने कहा है कि किसी पर हमला करना एक बात है। उसके घर पर हमला करना दूसरी बात। इन सब चीजों के लिए ये सही समय नहीं है।
ट्रंप की ईरान का धमकी
अमेरिकी प्रेसीडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायली PM नेतन्याहू से मुलाकात की है। फ्लोरिडा में दोनों राष्ट्राध्यक्षों की मुलाकात हुई है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर हमले के समर्थन को तैयार हैं। ईरान परमाणु क्षमता का दोबारा विकास करता है तो हमला संभव है। ईरान बैलिस्टिक मिसाइलों का उत्पादन बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
इस बीच ट्रंप की हमास को चेतावनी भी आई है। उन्होंने कहा है कि हमास के पास हथियार डालने के लिए “बहुत कम समय” है। हथियार नहीं डाले तो खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
ट्रंप के निशाने पर पॉवेल
यूएस फेड के चेयर मैन पॉवेल भी ट्रंप के निशाने पर हैं। ट्रंप ने कहा है कि सही समय पर अगले फेड चेयरमैन की घोषणा होगी। जेरोम पॉवेल को इस्तीफा दे देना चाहिए। हो सकता है उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाए। ट्रंप ने ये भी कहा कि जनवरी में किसी समय नए चेयरमैन का ऐलान हो सकता है।
एशियाई बाजार
एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिल रहा है। गिफ्ट निफ्टी 39 अंक यानी 0.15 फीसदी की कमजोरी के साथ 25,927 के स्तर पर दिख रहा है। वहीं, निक्केई 0.16 फीसदी की कमजोरी के साथ कारोबार कर है। हैंगसेंग में 0.27 फीसदी की और स्ट्रेट टाइम्स में 0.34 फीसदी की तेजी है। ताइवान के बाजार में 0.51 फीसदी की कमजोरी नजर आ रही है। कोस्पी भी 0.20 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। शांघाई कंपोजिट में भी 0.06 फीसदी की हल्की गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है।