
KG-D6 Gas Dispute:रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) ने सोमवार को उस मीडिया रिपोर्ट को खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि सरकार ने KG D6 गैस फील्ड में कम प्रोडक्शन के कारण कंपनी और BP से 30 अरब डॉलर की मांग की है। एक बयान में, RIL ने कहा कि “बिना नाम और बिना पहचान वाले सोर्स के आधार पर इस तरह की रिपोर्ट पब्लिश करना गलत और गैर-जिम्मेदाराना है।”
RIL ने आगे कहा, “रिलायंस और BP के खिलाफ 30 अरब डॉलर का कोई दावा नहीं है। KG D6 ब्लॉक के संबंध में भारत सरकार का दावा लगभग 24.7 करोड़ डॉलर का है, जिसका खुलासा कंपनी के सालाना ऑडिटेड फाइनेंशियल स्टेटमेंट में,अपनी डिस्क्लोजर ज़रूरतों के अनुसार लगातार किया गया है।”
कंपनी के बयान में यह भी कहा गया है कि रिपोर्ट में बताए गए मामले “पूरी तरह से विचाराधीन हैं और देश के कानूनों के अनुसार इसकी न्याय प्रणाली द्वारा तय किए जाएंगे,जिस पर रिलायंस को पूरा भरोसा है।”
कंपनी ने आगे कहा, “रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपने पार्टनर BP के साथ मिलकर हमेशा अपने कॉन्ट्रैक्ट और कानूनी ज़िम्मेदारियों का पालन किया है और रिपोर्ट में तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने पर हमें कड़ी आपत्ति है।”
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की यह सफाई उस रिपोर्ट के जवाब में आई है जिसमें दावा किया गया था कि भारत ने KG D6 ब्लॉक से कथित कम प्रोडक्शन के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज और BP से 30 अरब डॉलर की मांग की है।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)