ICICI Pru AMC IPO Listing: 20% प्रीमियम पर ₹2165 का शेयर लिस्ट, सबसे अधिक म्यूचुअल फंड स्कीम वाली कंपनी की धांसू लिस्टिंग – icici pru amc ipo listing shares debut over 20 percent premium icici pru amc share price jumps further



ICICI Pru AMC IPO Listing: म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में सबसे अधिक स्कीम मैनेज करने वाली आईसीआईसीआई प्रू एएमसी के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी ओवरऑल 39 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹2165 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹2606.20 और NSE पर ₹2,600.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 20% से अधिक लिस्टिंग गेन (ICICI Pru AMC Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर BSE पर यह ₹2641.55 (ICICI Pru AMC Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 22.01% मुनाफे में हैं।

ICICI Pru AMC IPO को मिला था शानदार रिस्पांस

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी का ₹₹10,602.65 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 12-16 दिसंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 39.17 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 123.87 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 22.04 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 2.53 गुना और शेयरहोल्डर्स का हिस्सा 9.75 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत कोई नया शेयर नहीं जारी हुआ है बल्कि ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत ₹1 की फेस वैल्यू वाले 4,89,72,994 शेयरों की बिक्री हुई है। चूंकि नए शेयर नहीं जारी हुए हैं तो आईपीओ का पैसा कंपनी को नहीं मिला है बल्कि शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर प्रूडेंशियल कॉरपोरेशन होल्डिंग्स लिमिटेड को मिला है।

ICICI Pru AMC के बारे में

वर्ष 1993 में बनी आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी (ICICI Prudential AMC) एक एसेट मैनेजमेंट कंपनी है। यह पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (PMS), अल्टरनेटिव इंवेस्टमेंट फंड (AIF) और एडवायजरी सर्विसेज ऑफर करती है। म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में सबसे अधिक स्कीम यही मैनेज करती है। सितंबर 2025 तक के डिटेल्स के मुताबिक यह 44 इक्विटी और इक्विटी से जुड़ी स्कीम, 20 डेट स्कीम, 61 पैसिव स्कीम, 15 डोमेस्टिक फंड-ऑफ-फंड स्कीम, 1 लिक्विडी स्कीम, 1 ओवरवाइट स्कीम और एक ऑर्बिट्रेज स्कीम मिलाकर कुल 143 स्कीम चला रही है। देश के 23 राज्यों और 4 यूनियन टेरिटरीज में इसके 272 ऑफिस हैं।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹1,515.78 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹2,049.73 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹2,650.66 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम सालाना 32% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹4,979.67 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹1,617.74 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹2,949.61 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हो चुकी है। सितंबर 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी के रिजर्व और सरप्लस में ₹3,903.91 करोड़ पड़े थे।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top