स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में भारी गिरावट, 11% तक टूटे ये स्टॉक; निवेशक चौतरफा बिकवाली से सहमे – smallcap midcap stocks crash up to 11 percent in broad selloff signature global hindustan copper nalco top losers



SmallCap-Midcap stocks Fall: भारतीय शेयर बाजारों में गुरुवार 8 जनवरी को चौतरफा गिरावट देखने को मिली। खासतौर से स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में जमकर मुनाफावसूली देखने को मिली। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली, कमजोर ग्लोबल संकेतो और अमेरिका की ओर से भारत पर 500% तक टैरिफ लगाए जाने की आशंकाओं के चलते निवेशक जोखिम लेने से बचते दिखे।

दोपहर 1:30 बजे के करीब, निफ्टी स्मॉलकैप-100 इंडेक्स करीब 1.6% गिरकर 17,673.30 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी मिडकैप-100 इंडेक्स लगभग 1.5% टूटकर 60,525.20 पर कारोबार करता दिखा।

मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, FII की लगातार बिकवाली, भू-राजनीतिक अनिश्चितता और अमेरिकी टैरिफ से जुड़े डर ने बाजार के सेंटीमेंट को कमजोर बनाए रखा। रेलिगेयर ब्रोकिंग में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) अजीत मिश्रा ने बताया कि घरेलू स्तर पर किसी मजबूत ट्रिगर की कमी के चलते बाजार में अधिकतर ट्रेडिंग स्टॉक-स्पेसिफिक रही और निवेशक आगामी तिमाही नतीजों और आर्थिक आंकड़ों से पहले ‘वेट एंड वॉच’ मोड में नजर आए।

इन स्मॉलकैप शेयरों में सबसे तेज गिरावट

स्मॉलकैप सेगमेंट में सबसे अधिक गिरावट सिग्नेचर ग्लोबल इंडिया (Signature global) के शेयरों में देखने को मिली। कारोबार के दौरान यह शेयर 11 प्रतिशत तक टूट गया। वहीं मेटल की कीमतों में कमजोरी के चलते हिंदुस्तान कॉपर (Hindustan Copper) के शेयर करीब 5% तक गिर गए। जूपिटर वैगन्स (Jupiter Wagons), JBM ऑटो और पिरामल फार्मा में 4% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली।

इसके अलावा HBL इंजीनियरिंग और Jindal Saw के शेयर भी करीब 4% तक लुढ़क गए। ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, नैटको फार्मा, KEC इंटरनेशनल और वेल्सपन कॉरपोरेशन जैसे शेयरों में 3% से अधिक की कमजोरी देखने को मिली। इनके अलावा IRCON, वॉकहार्ड, आईनॉक्स विंड, अनंत राज, चंबल फर्टिलाइजर्स, NBCC, MRPL, NCC, रैडिको खेतान, एंजल वन, बंधन बैंक, MCX, CESC, CDSL और रिलायंर पावर जैसे दूसरे स्मॉलकैप शेयरों में भी दबाव बना रहा।

इन मिडकैप शेयरों में सबसे अधिक गिरावट

मिडकैप सेगमेंट में सबसे अधिक गिरावट नेशनल एल्युमिनियम कंपनी (NALCO) के शेयरों में देखने को मिली, जो करीब 5% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। एल्युमिनियम की कीमतों में कमजोरी का असर सीधे इस शेयर पर दिखा। वहीं, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (HPCL) के शेयर भी लगभग 5% टूट गए।

इसके अलावा NMDC में 4% से ज्यादा की गिरावट आई, जबकि इंडियन और HUDCO करीब 4% नीचे रहे। RVNL, BHEL, यस बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, SAIL और IREDA जैसे शेयरों में लगभग 3% की गिरावट देखी गई।

सुजलॉन एनर्जी, सोना BLW प्रीसिजन फॉर्जिंग्स, मूथुट फाइनेंस, बैंक ऑफ इंडिया, टाटा टेक्नोलॉजीज, वोल्टास, टोरेंट पावर, फोर्टिस, CONCOR, स्विगी, ITC होटल्स, नायका, मैनकाइंड फार्मा, भारत फोर्ज, कोफोर्ज और टाटा एलेक्सी जैसे दूसरे मिडकैप शेयर भी 2% से ज्यादा टूट गए।

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top