शेयर बाजार में ₹3 लाख करोड़ डूबे! सेंसेक्स 331 अंक टूटा, निफ्टी 26,000 के नीचे हुआ बंद – share market today sensex falls 331 points nifty closes below 26000 rs 3 lakh crore wiped out



Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों ने सोमवार 24 नवंबर को सप्ताह के पहले दिन निवेशकों को निराश किया। शुरुआती घंटों में लगभग सपाट कारोबार के बाद आखिरी घंटे में बाजार में तेज बिकवाली देखने को मिली। इसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में बंद हुए। कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 331.21 अंक या 0.39% गिरकर 84,900.71 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी इंडेक्स 108.65 अंक या 0.42% टूटकर 25,959.50 के स्तर पर बंद हुआ। ब्रॉडर मार्केट भी दबाव में रहे।

कौन से सेक्टर सबसे ज्यादा टूटे?
लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। सबसे बड़ी गिरावट निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में देखने को मिली, जो 2% से अधिक टूट गया। इसके अलावा मेटल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑयल एंड गैस, हेल्थकेयर, FMCG और मीडिया इंडेक्स भी दबाव में रहे। फाइनेंशियल, प्राइवेट बैंक और फार्मा मामूली नुकसान के साथ बंद हुए।

Nifty IT हरे निशान में बंद
निफ्टी आईटी इंडेक्स सोमवार को इकलौता सेक्टर रहा, जो हरे निशान में बंद हुआ। IT शेयरों ने दिनभर के उतार-चढ़ाव के बीच बाजार को कुछ हद तक सपोर्ट दिया, लेकिन यह बढ़त बाकी सेक्टर्स की गिरावट की भरपाई नहीं कर सकी।

निवेशकों के ₹2.86 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 469.36 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 472.22 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 2.86 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 2.86 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से सिर्फ 8 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) के शेयरों में 2.43 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद एशियन पेंट्स (Asian Paints), एचसीएल टेक (HCL Tech), इंफोसिस (Infosys) और अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) के शेयर 0.18 फीसदी से लेकर 0.46 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 22 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic) का शेयर 2.98 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, टाटा स्टील (Tata Steel), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) और ट्रेंट (Trent) के शेयरों में 1.16 फीसदी से लेकर 1.61 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,449 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,449 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,208 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 3,036 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 205 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 93 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 359 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top