
Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार 29 जनवरी को लगातार तीसरे दिन हरे निशान में बंद हुए। शुरुआती गिरावट के बाद सेंसेक्स और निफ्टी ने जोरदार वापसी की और अपने दिन के उच्चतम स्तर के पास बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 221.69 अंक या 0.27 फीसदी बढ़कर 82,566.37 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 76.15 अंक या 0.30 फीसदी की तेजी के साथ 25,418.90 के स्तर पर बंद हुआ। दिन के निचले स्तर से सेंसेक्स में करीब 850 अंकों की उछाल देखने को मिली।
निवेशकों ने ₹23,000 करोड़ कमाए
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
4,389 शेयरों में हुआ कारोबार
शेयर बाजार में आज की तेजी को विदेशी निवेशकों की वापसी से सपोर्ट मिला। विदेशी निवेशकों ने 15 दिनों तक लगातार बिकवाली करने के बाद बुधवार को शुद्ध रूप से खरीदारी की। इसके अलावा आर्थिक सर्वे में अमेरिका के साथ ट्रेड डील के इस साल पूरा होने की उम्मीद जताने से भी निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ।
हालांकि सेक्टोरल इंडेक्स का प्रदर्शन मिलाजुला रहा। आईटी, FMCG, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, फार्मा और ऑटोमोबाइल शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर मेटल, पावर, ऑयल एंड गैस, कमोडिटी और यूटिलिटी शेयरों के इंडेक्स 1 फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए।
निवेशकों ने ₹23,000 करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 459.76 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 459.53 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब ₹23,000 करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब ₹23,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयरों में 4.41 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद लार्सन एंड टुब्रो (L&T), एक्सिस बैंक (Axis Bank), इटरनल (Eternal) और एनटीपीसी (NTPC)के शेयर 2.84 फीसदी से लेकर 3.66 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी एशियन पेंट्स (Asian Paints) का शेयर 3.71 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं इंडिगो (Indigo) मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयरों में 1.83 फीसदी से लेकर 2.65 फीसदी तक की गिरावट रही।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
4,389 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,389 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,702 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,534 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 153 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 107 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 273 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।