
Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजारों ने गुरुवार 29 जनवरी को शुरुआती गिरावट के बाद तेज वापसी की और हरे निशान में वापस आ गए। सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से करीब 850 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी एक बार फिर बढ़कर 25,400 के पार पहुंच गया। विदेशी निवेशकों की वापसी और आर्थिक सर्वे में अमेरिका के साथ ट्रेड डील के पूरा होने की उम्मीद जताए जाने से निवेशकों का भरोसा लौटा और उन्होंने खरीदारी की।
दोपहर 1:55 बजे के आसपास बीएसई सेंसेक्स 217.53 अंक या 0.26% बढ़कर 82,562.21 पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 75.85 अंक या 0.3% की मामूली बढ़त के साथ 25,418.60 पर कारोबार करता दिखा। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 81,707 के निचले स्तर और निफ्टी 25,238 के निचले स्तर तक पहुंच गया था।
शेयर बाजार की इस वापसी के पीछे 4 बड़े कारण रहे-
1. आर्थिक सर्वे
केंद्र सरकार ने बजट से पहले आज संसद में आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 पेश किया। सर्वे में वित्त वर्ष 2027 के लिए भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट के 7.4% रहने का अनुमान जताया गया है, जो ग्लोबल अनिश्चितताओं के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को दिखाता है। साथ ही अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर बातचीत को इस साल पूरी होने की उम्मीद जताई, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा। अब सबकी नजरें 1 फरवरी को पेश होने वाले बजट पर टिकी है।
2. सेंसेक्स F&O एक्सपायरी से बढ़ी हलचल
शेयर बाजार में आज सेंसेक्स के मंथली फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (F&O) कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी थी। एक्सपायरी के दिन आमतौर पर उतार-चढ़ाव बढ़ जाता है। वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया VIX भी आज करीब 2% ऊपर रहा, जिससे दिनभर तेज उठापटक देखने को मिली। टेक्निकल एनालिस्टस का कहना है कि 25,200/82,000 का स्तर अहम सपोर्ट के रूप में उभरा। इसके ऊपर बने रहने पर निफ्टी के लिए 25,500 से 25,575 और सेंसेक्स के लिए 82,800 से 83,000 के स्तर तक पुलबैक संभव है। वहीं 25,150 और 81,900 के नीचे फिसलने पर सेंटिमेंट कमजोर पड़ सकता है।
3. 15 दिनों बाद FII की वापसी
शेयर बाजार में तेजी के पीछे एक बड़ी वजह विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) का 15 दिनों के बाद शुद्ध खरीदार बनना रहा। विदेशी निवेशकों ने कैश मार्केट में करीब 480 करोड़ रुपये की खरीदारी की। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की मजबूत खरीदारी जारी रही और उन्होंने करीब 3,360 करोड़ रुपये का निवेश किया।
बाजार जानकारों के मुताबिक, भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच ट्रेड डील के बाद अगर भारत-अमेरिका ट्रेड समझौते को लेकर पॉजिटिव खबर आती है, तो इससे FY27 की कमाई और आर्थिक नजरिए को बड़ा सहारा मिल सकता है और बाजार इसका तुरंत पॉजिटिव जवाब दे सकता है।
4. मेटल शेयरों में रिकॉर्ड रैली का असर
निफ्टी मेटल इंडेक्स में लगातार तीसरे कारोबारी दिन तेजी जारी रही और यह रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। इंडेक्स के 15 में से 12 शेयर हरे निशान में रहे। ग्लोबल स्तर पर मेटल की कीमतों में उछाल, कमजोर डॉलर और भू-राजनीतिक जोखिमों के बीच मेटल शेयरों को मजबूत सपोर्ट मिला। सबसे अधिक तेजी हिंदुस्तान कॉपर के शेयरों में देखने को मिली और शेयर करीब 17% उछलकर नए ऑल-टाइम हाई पर पहुंचा। नाल्को में लगभग 3%, हिंडाल्को में 1.8% और हिंदुस्तान जिंक में 1% की बढ़त देखी गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कॉपर के दाम नई ऊंचाई पर पहुंचे, जिससे घरेलू मेटल शेयरों में जोश दिखा।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।