
Stock in Focus: मेडिकल डिवाइस और स्पेशियलिटी प्लास्टिक्स सेक्टर की कंपनी Shaily Engineering Plastics को एक बड़ी घरेलू फार्मा कंपनी से करीब 423 करोड़ रुपये का मैन्युफैक्चरिंग और कमर्शियल सप्लाई एग्रीमेंट मिला है। यह करार पेन इंजेक्टर की सप्लाई के लिए है और चार साल की अवधि तक चलेगा। गोपनीयता की वजह से ग्राहक का नाम उजागर नहीं किया गया है।
नए COO की नियुक्ति
Shaily Engineering ने 1 मार्च 2026 से जोए काम (Joe Kam) को चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (हेल्थकेयर) नियुक्त करने का ऐलान किया है। Kam के पास मैन्युफैक्चरिंग और ऑपरेशंस में दो दशक से ज्यादा का अंतरराष्ट्रीय अनुभव है। खासकर ऐसे उद्योगों में जहां कड़े नियामक नियम लागू होते हैं।
जोए Shaily से पहले SHL Medical में सीनियर मैन्युफैक्चरिंग डायरेक्टर थे। वह ताइवान और अमेरिका की नौ मैन्युफैक्चरिंग साइट्स की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इससे पहले वे Flextronics में प्लांट मैनेजर और सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर रह चुके हैं। उनके पास The Chinese University of Hong Kong से एग्जीक्यूटिव MBA की डिग्री है।
नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की योजना
Shaily Engineering ने अपने तिमाही नतीजों में बताया था कि वह अबू धाबी में मेडिकल डिवाइस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने की योजना बना रही है। इस प्रोजेक्ट पर AED 130 से 150 मिलियन के निवेश का अनुमान है। प्रस्तावित प्लांट की सालाना क्षमता करीब 75 मिलियन पेन इंजेक्टर होगी और इसे FY28 की चौथी तिमाही तक चालू करने का लक्ष्य है।
Shaily Engineering के शेयरों का हाल
Shaily Engineering Plastics का शेयर 25 फरवरी को NSE पर 0.21 प्रतिशत की हल्की गिरावट के साथ 1,941.50 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 9.52% गिरा है। वहीं, 1 साल में इसने 27.88% का रिटर्न दिया है। पिछले 2 साल में स्टॉक 288% का मल्टीबैगर रिटर्न दे चुका है। कंपनी का मार्केट कैप 8.93 हजार करोड़ रुपये है।
Shaily Engineering का बिजनेस
Shaily Engineering Plastics इंजीनियरिंग प्लास्टिक कंपोनेंट्स बनाती है। कंपनी प्रिसिजन मोल्डेड पार्ट्स की मैन्युफैक्चरिंग करती है। इसके ग्राहक हेल्थकेयर, मेडिकल डिवाइस, फार्मा डिलीवरी सिस्टम, कंज्यूमर और इंडस्ट्रियल सेक्टर से जुड़े हैं।
कंपनी खास तौर पर पेन इंजेक्टर और अन्य ड्रग डिलीवरी डिवाइस बनाती है। यह डिजाइन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक एंड टू एंड सॉल्यूशन देती है। कंपनी कड़े गुणवत्ता और नियामक मानकों का पालन करती है। इसका फोकस एक्सपोर्ट बाजार पर भी है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।