
Trump vs Powell: अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पॉवेल (Jerome Powell) ने धमाकेदार खुलासा किया कि उनके खिलाफ आपराधिक जांच शुरू हुई है। इसके चलते अमेरिकी समय के हिसाब से रविवार देर रात के कारोबार में वॉल स्ट्रीट के फ्यूचर्स फिसल गया। एक हफ्ते में तेजी के बाद यह लगभग स्थिर खुला था लेकिन फिर जेरोम पॉवेल के खुलासे पर यह करीब 220 प्वाइंट्स टूट गया। एसएंडपी फ्यूचर्स भी करीब 35 प्वाइंट्स को नास्डाक का फ्यूचर्स भी 200 प्वाइंट्स टूट गया। जेरोम पॉवेल ने X (पूर्व नाम Twitter) पर फेडरल रिजर्व के आधिकारिक हैंडल पर एक वीडियो मैसेज के जरिए अपने खिलाफ आपराधिक जांच शुरू होने का खुलासा किया।
क्या है जेरोम पॉवेल के वीडियो मैसेज में?
जेरोम पॉवेल का कहना है कि उनके खिलाफ आपराधिक जांच इस वजह से शुरू हुई है क्योंकि फेड ने ब्याज दरें तय करते समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्राथमिकताओं को मानने की बजाय आम लोगों की भलाई को पहले देखा। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस ने फेडरल रिज़र्व को ग्रैंड जूरी समन भेजा, जिसमें पिछले साल जून में सीनेट बैंकिंग कमेटी के सामने उनकी गवाही को लेकर उन्हें आपराधिक कार्रवाई की धमकी दी। उन्होंने आगे कहा कि कोई भी, फेडरल रिज़र्व का चेयरमैन भी कानून से ऊपर नहीं है, लेकिन जिस तरीके से उनके खिलाफ डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस ने कदम उठाया है, उसे प्रशासन की धमकियों और लगातार दबाव के तौर पर देखा जाना चाहिए।
क्या कहना है अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का?
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस जांच की निगरानी कोलंबिया की अटॉर्नी Jeanine Pirro कर रहे हैं जिन्हें ट्रंप ने नियुक्त किया है। वह न्यूयॉर्क की पूर्व प्रॉसीक्यूटर और फॉक्स न्यूज की होस्ट रह चुकी हैं। अमेरिकी फेड के प्रमुख के खिलाफ जांच को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अमेरिकी फेडर और जेरोम पॉवेल को डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस ने जो समन जारी किया है, उसका ब्याज दरों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने इस मामले में अपनी किसी भूमिका से भी इनकार किया है।
Trump vs Powell: ब्याज दरों पर तकरार
ट्रंप कई बार यह कह चुके हैं कि पॉवेल ब्याज दरें घटाने में बहुत सुस्त हैं। पिछले साल 2025 की शुरुआत में उन्होंने जब यह कहा था तो अमेरिकी स्टॉक मार्केट में कोहराम मच गया था और धड़ाधड़ बिकवाली होने लगी थी। हालांकि इसके बाद उन्होंने कहा था कि पॉवेल को हटाने की उनकी कोई योजना नहीं है, लेकिन ब्याज दरें मौजूदा स्तर से काफी कम हो सकती हैं। अमेरिकी फेड पर इस तरह की टिप्पणी से अमेरिकी केंद्रीय बैंक की स्वतंत्रता पर ऐसे समय में सवाल खड़े हो गए, जब पॉवेल का कार्यकाल खत्म होने वाला है। उनका कार्यकाल मई 2026 में पूरा होगा। उनके बाद तीन नामों की चर्चा चल रही है- व्हाइट हाउस के नेशनल इकोनॉमिक काउंसिल के डायरेक्टर केविन हैसेट, फेड के पूर्व गवर्नर केविन वार्श और फेड में ट्रंप सरकार की तरफ से नॉमिनेटेड गवर्नर क्रिस्टोफर वालर।